Saturday, October 1, 2011

नक्षत्रों का चमत्कार है, ममता की कुण्डली

प० बंगाल की मुख्यमंत्री जुझारु नेत्री सुश्री ममता बनर्जी के जन्मांग चक्र के आधार पर विवेचन प्रस्तुत कर रहा हूं- यद्यपि उनके जन्म समय की सटीक जानकारी प्राप्त नहीं हुई पर एक ज्योतिष परिचर्चा के कार्यक्रम में धनु लग्न बताया गया था। इस आधार पर सुश्री बनर्जी का ५.३० बजे प्रातः से ७.०० बजे के बीच में सम्भावित है। मैंने प्रातः ६ बजे के आसपास समय को आधार बनाकर उनके जन्मांग चक्र का विवेचन किया है। जिसमें धनु लग्न में सूर्य-बुध के साथ राहु की उपस्थिति तथा अष्टम स्थान में गुरु वक्रिय अवस्था में स्थित हैं। पराक्रम के भाव में मंगल की उपस्थिति लेकिन षष्ट स्थान में वृषभ का चंद्र स्थित है।
पहली नजर में जन्मांग सघर्ष से सम्मानजनक स्तर पहुंचाने का अंदेशा देता है। लेकिन शनि महादशा धनु लग्न (गुरु ग्रह) के लग्न जातक के सपने को साकार आते ही कर सकती है। यह भविष्यवाणी ममता जी के जन्मांग में अगर नक्षत्रों का अध्ययन न किया जाये-तो नहीं की जा सकती। ममता जी के जन्मांग में नक्षत्रों ने चमत्कार किया है- विशेष रुप से शनि विशाखा नक्षत्र में स्थित होकर लग्न व चतुर्थ जनता के भाव का चमत्कारिक फल दे पाने में सक्षम सिद्ध हुआ है-और जो ग्रह कुंडली का कारक ग्रह गुरु है उसमें अपनी महादशा में राजयोग के साथ राजभंग योग किया है।
ममता जी के जन्मांग में छठे स्थान में बैठा चन्द्रमा जो कि अष्ठम का मालिक है लेकिन नवमेश सूर्य के नक्षत्र में होने से ममता जी संघर्ष के अंधेरे को चीरकर आगे बैठी है। सूर्य बुध के साथ लग्न में राहु की उपस्थिति ममता जी के बुद्धिमता में तुनक मिजाजी स्वभाव व स्वास्थ्य पक्ष में बाधा व सप्तम स्थान में केतु की राहु नक्षत्र में स्थिती दांपत्य जीवन का सुख न देने का कारक बनी है। शनि वाणी और पराक्रम भाव का मालिक होकर लाभ भाव में बैठा है तथा गुरु के नक्षत्र में होने से लग्न व चतुर्थ भाव का अनायास सुखद फल दे रहा है। शनि की लग्न पर पूर्ण दृष्टि है तथा दुसरे स्थान का मालिक होने की वजह से मार्केश भी है- इस लिहाज से स्वास्थ्य पक्ष में बाधा/ दुर्घटना की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।
गोचर में जब गुरु मीन राशि में आया था- तब से रायटर्स पर अधिकार का लिफाफा साथ ही ले आया था- क्योंकि उस समय चौथे स्थान जो कि मां के साथ जनता का भी होता है- वहां ममता का जादू सर पर चढ़ने लगा- और शनि की महादशा ने ममता की बरसों प्रतीष्ठित मनोकामना पुरी कर दी।
नवम्बर- से शनि जब तुला राशि में आ जायेगा तो ये ढ़ाई वर्ष तो ममता जी की तूती ही बोलेगी पर जून २०१२ से दिसम्बर २०१२ के बीच का समय स्वास्थ्य व अपने ही लोगों के बीच तनाव का रुपक बन सकता है। यद्यपि लोकप्रियता का ग्राफ बढ़ेगा पर इस अवधि में तनाव भी बनेगा।सम्भावना है कि ममता जी का अपने साझेदार (कांगे्रस) से अलगाव के बीज पड़ सकते हैं।
९/२/२०१५ से २३/०१/२०१६ के बीच साझेदार से अलगाव की संभावना प्रबल बनेगी।
२०१६ से २०१९ के बीच शुक्र का अन्तर अचानक दुर्घटना का रुपक बन सकता है क्योंकि शुक्र शनि के नक्षत्र में है। और शनि मार्केश भी है। यहां यात्राओं के योग विशेष बन सकते है। स्थान परिवर्तन के आसार भी लगते हैं।
२०१९ से२०२२ का समय ममता जी के लिए गोल्डन में गोल्डन लग रहा है क्योंकि यहां सूर्य/चन्द्रमा/मंगल का अंतर आयेगा- विशेषकर चन्द्रमा और मंगल विशेष अच्छा परिणाम देंगे- सूर्य का परिणाम इतना अच्छा नहीं होगा।
* ममता जी को अपने सुरक्षा तंत्र को मजबूत रखना चाहिए क्योंकि शुक्र, राहु, प्लूटों का सूक्ष्म प्रत्यंतर अचानक किसी दुर्घटना का रुपक बना सकते हैं।
* शनि की इस महादशा अवधि में ममता जी फिर केन्द्र की राजनीति में अहम भूमिका व और उच्च पद को प्राप्त करेगी- ऐसी सम्भावना है।
* ममता जी के अष्टकवर्ग गणित में दशम से एकादशेश में चमत्कारिक बिन्दुओं की संख्या है-संघर्ष से शिखर तक के सफर में इनका विशेष योगदान रहा है।
* ममता जी को अपने परिधान में पीले रंग या लाल रंग का मिलान करना चाहिए।
* अष्टकवर्ग के बिन्दु यह जताते हैं कि ४८ वर्ष से ७२ वर्ष की समय अवधि सर्वश्रेष्ठ होगी अर्थात १ से २४ वर्ष अत्यन्त समान्य २४ से ४८ वर्ष श्रेष्ठ तथा वर्ष से ७२ वर्ष अत्यन्त श्रेष्ठ होगी।
* ममता जी को तजर्नी अंगुली में पुखराज धारण करने की सलाह.
* अपने महत्वपूर्ण कार्य मंगल व गुरुवार को करना श्रेष्ठ होगा।
* मंगल जब-जब गोचर में वृश्चिक व मकर में आयेगा तब-तब पराक्रम में कमजोरी व बाधाजनक परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है- लेकिन वृषभ तुला में मंगल शानदार परिणाम देगा । इसी प्रकार सूर्य मिथुन मकर में विपरीत परिणाम देगा पर तुला में इच्छित परिणाम देगा।
चन्द्रमा, कर्क, तुला व कुंभ में मनःस्थिती व निर्णय को अनुकूल बनायेगा पर सिंह, वृश्चिक व मकर में संचरण तनाव कारक स्थिति बन सकती है।

चुटकी

१.
गृहमंत्री और
वित्तमंत्री
में ठनी
फिर
मनमोहन व सोनिया
के द्वारा
सुलह बनी
तब दोनों एक साथ
प्रेस कान्फ्रेंस में
मित्रवत से आये...
बयान के रुप में
पूर्व लिखित
स्क्रिप्ट सुनाये-
तब पत्रकारों ने
शायद यह सोचा होगा
कि एक पत्र से खबर
भी तूफानी बनती है
और एक स्क्रिप्ट
तब उस खबर को
तमाशा भी कर देती है।
अर्थात २जी स्प्रेकट्रम घोटाले पर
वो पत्र सनसनी
खेज खुलासा था,
या
फिर कॉमेडी-तमाशा था।

२.
गृहमंत्री जी की स्मरण शक्ति व गिनती शक्ति कमजोर है तब भी वो गृहमंत्री है-
क्योंकि प्रधानमंत्री जी
की भी
नैतिक शक्ति
कमजोर है।
इस देश की
ग्रह-स्थिती
कमजोर है
शायद तभी
नाकाम-बेनकाब की कमान से
देश चल रहा है।
व इनके बोझ से
बेवजह दब रहा है।

३.
तिहाड़ के
दिन
फिर गये हैं
राजा-मंत्री
मिल गये है।
भविष्य में
और भी आ सकते हैं।
सम्भावना यह कहती है
प्रधानमंत्रीजी
कैबिनेट की बैठक
तिहाड़ में भी
बुला सकते हैं।

पूछिये सवाल- क्या और क्यों?

वित्तमंत्री और गृहमंत्री के दिलों में २जी स्पेक्ट्रम पर एक पत्र को लेकर आई दरार को पी.एम.ओ व दस जनपथ की सीमेंट माटी ने चाहे लाख पाट दिया हो पर इस देश के१२० करोड़ लोगों के दिलों-दिमाग पर जो एक के बाद एक सियासती प्रहार से दरार-दर-दरार आती गई है- न तो सरकार ने इस दरार के प्रति अपनी जिम्मेदारी को स्वीकारा है और न ही इस दरार को भरने के लिए उसने गम्भीरता दिखाई है।
सरकार के लिए मंत्री और मंत्रियों के लिए सरकार-शेष चाहे रहे बेहाल-अर्थात जनता की महत्ता सिर्फ उस वक्त तक है जब चुनाव का मौसम आये तब राजनीति और राजनेताओं के लिए जनता बहार होती है-और ये भंवरों की तरह मंडराने की और उस वक्त जनता की चप्पल भी सर पर लगा लेने में कोताही नहीं बरतते-उसके बाद जनता रुपी बहार उनको अपने चमन से बाहर ही दिखती है- ये भंवरे फिर सत्ता की बहार की मौज लेने चल देते हैं। राजनीति का चरित्र जब ऐसा है तो राजनेताओं का चाल-चलन कैसा होग? कल्पना में भी कुछ अच्छा चित्रण नहीं उतरता।
ये लोग घोटालों के फूटे घड़ों को ढ़कने की प्रक्रिया जारी रख सकते हैं पर गरीबों के उघड़े तन पर कपड़े ओढ़ाने की ये लोग प्रक्रिया नहीं कर सकते... क्योंकि इनकी आंखोें में वो शर्म नहीं है जो नंगे बदन को ढ़कने की सोच भी सके!
इनके पास करोड़ों-अरबों का अकूत धन है- पर मन है कि मानता ही नहीं... फिर भी गरीबों का निवाला निगलने के लिए व देश की संपदा को विदेशों में रखने से बाज नहीं आते। इन सियासती अमीरों को अपने कर्मों का हिसाब सुद सहित देना पड़ेगा... वक्त आ रहा है.. अब वो जनता के हाथ में सिर्फ अंगुठे से छाप देने के अधिकार के साथ लाठी भी पकड़ा सकता है..अब जनता अपनी लाठी से बेरहम, बेशर्म राजनेता का कॉलर पकड़कर जवाब लेना शुरु कर दे तो आश्चर्य मत कीजिएगा... अब सियासत को जनता के लिए गम्भीर दिखने की आवश्यकता नहीं वरन जनता को अपने अधिकारों के प्रति स्वयं गम्भीर होने की आवश्यकता है- तभी राजनीति के इस दलदल में गिने-चुने कुछ अच्छे लोगों को उनका वास्तविक सम्मान भी मिलेगा और शेष को राजनीति के दंगल से बाहर भी फेंक दिया जायेगा।
राजनीति का शुद्धिकरण होना चाहिए- और लूटेरों सी भूमिका निबाहने वालों की लूट का माल जब्त करके उनको देशनिकाला दे दिया जाना चाहिए! ऐसे गद्दारो के हाथ में देश की कमान तो दूर बल्कि देश में रहने की जगह भी नहीं मिलनी चाहिए!
जनता को अपने जनप्रतिनिधियों व बड़े प्रशासनिक अधिकारियों को हजूर कहने से बाज आना चाहिए- हमने अपने सर्मथन की ताकत से इनको सांसद, विधायक, पार्षद बनाया है- अर्थात इनको बनाने वाले जब स्वयं हम हैं तो ये हजूर कैसे?
मैं यह नहीं कहता कि हम अपने जनप्रतिनिधि को सम्मान न दें- बेशक वे स्नेह, सम्मान के अधिकारी हैं- पर इसके लिए उनकी पात्रता होनी चाहिए। उनका सामन्ती अंदाज हमारे स्नेह-सम्मान के लिए उनकी पात्रता को रद्द कर जाता है। जनता को अपने-अपने क्षेत्र के जनप्रतिनिधि के आचरण-व्यवहार-योग्यता की समीक्षा करनी चाहिए व सवाल भी पूछने शुरु कर देने चाहिए- यहां पर जात-पात-मजहब व पार्टी निष्ठा को परे रख कर जनता को अपना काम शुरु कर देना चाहिेए। आपके सवाल उनकी नींद उड़ा देंगे- और वो आपके दरबार में हाजरी देने खुद आयेंगे... बस आप पूछिये सवाल क्या और क्यों?
अगर कोई जनोपयोगी कार्य नहीं हुआ तो क्यों नहीं हुआ और कोई गलत काम हुआ तो क्यों हुआ?
जिस दिन से आप सवालों की श्रृंखला शुरु कर देंगे तब उनको लगेगा कि जनता जगी हुई है- और उनके कार्यों की समालोचना होनी तय है- तब अच्छे काम करने वाले जनप्रतिनिधि प्रोत्साहित होकर और अच्छा काम करेंगे- और गलत काम करने वाले गलत काम करने से पहले बार-बार सोचेंगे! परिवर्तन की मानसिक प्रक्रिया इस तरह शुरु होगी और उजियाले की फटती पो का नजारा भी दिखेगा- पर इसके लिये जनमानस को जागना होगा-और अपने-अपने क्षेत्र से प्रक्रिया शुरु करनी होगी। आप उनसे सवाल पर सवाल तब तक पूछते रहे जब तक वो आपके सवालों का जवाब देने के लिए बाध्य न हो जाये।

Friday, September 16, 2011

लोकपाल


१.
लोकपाल स्टेडिंग कमेटी
में
लालू व अमर का
पुर्नचयन
यह बताता है कि
जन लोकपाल बिल
में
भ्रष्टाचार को रोकने में
रोड़ा अटकाने के लिए
इनको लाया जाता है।
अमर सिंह
बीमार है-
अभियुक्त है
अंतरिम जमानत पर है
पर इस सरकार की
सबसे बड़ी जरुरत है-
क्योंकि नोट काण्ड में
अमर की हिरासत
सरकार की हरारत है
और जनता के जन लोकपाल पर
सरकार की यह
सियासती शरारत है।
सरकार अपनी सीरत में
सुधार नहीं करेगी-
क्या जनता अब भी
इनमें बदलाव
नहीं करेगी?
२.
भ्रष्टाचार को
खत्म करने वाले
जन लोकपाल बिल
पर
स्टेडिंग कमेटी
में
बैठकर
लालू व अमर
निर्णय का
हिस्सा बनेंगे-
अर्थात भ्रष्टाचार
को
मिटाने
की
कवायद
अब
भ्रष्टाचारी
खुद करेंंगे।
३.
यह सरकार
अपने कर्मों
का
आने वाला फल
समझने लगी है
इसलिये जो खा चुकी है
उसको पचाने में लगी है
और जो
बच गया है-
उसको खाने में लगी है-
यहां खाने और पचाने
का
दौर चल रहा है-
और
जनता का जन लोकपाल
चारे की तरह
स्टेंडिंग कमेटी में टंगा है-
ये लोग
आम आदमी की
रोटी
कप़ड़ा
मकान
को खा चुके हैं
अब
चारा खाने वाले
व
सरकार को बचाने वाले
स्टेंडिंग कमेटी में
फिर आ चुके हैं।

ममता के लिए सबसे बड़ी चुनौती...

एक प्रतिष्ठित बांग्ला दैनिक में बंगाल के एक जूट उद्योगपति के द्वारा तृणमूल विधायक की शिकायत केन्द्रीय गृहमंत्री को भेजने की खबर प्रकाशित होने के बाद यह सवाल विचारणीय बन गया है कि ममता दीदी की क्लीन छवि पर उनके अपने ही लोग अपने निहित स्वार्थों की वजह से कोई दाग तो नहीं लगा रहे? प्रकाशित खबर आधारित रुप से कितनी सच्ची है? यह तो वक्त बतलायेगा-लेकिन ममता दीदी के लिए बंगाल के विकास का प्रयास जितना गम्भीर है उससे अधिक गम्भीर बात अपनी सरकार के लोगों व कर्मियों को पूर्ण नियंत्रण में रखने की है-फिर वो चाहे विधायक, सांसद, पार्षद या फिर अपने क्षेत्र में पार्टी के संपादक क्यों न हो?
अगर आम जनता के बीच इन लोगों की नेतागिरी-गुण्डागर्दी का रुपक बनकर किसी भी रुप में आती है तो इसका सीधा प्रभाव ममता जी की छवी पर पड़ेगा। देखने की बात यह भी है-कितने जनप्रतिनिधि ऐसे हैं जो उद्योगपतियों के उद्योगों में अप्रत्यक्ष रुप से हिस्सेदार बनकर उन उद्योगपतियों के हितार्थ काम कर रहे हैं। बात साफ है कि कोई उद्योगपति अगर नेता को प्रत्यक्ष/अप्रत्यक्ष हिस्सा देगा तो वह अपने संरक्षण के साथ कंपनी को आगे बढ़ाने के लिए उस राजनैतिक हस्ती का उपयोग करेगा- यहां पर अपने प्रतिस्पर्धी को पछाड़ने या उसको कसने की स्थिती का प्रयोग भी आश्चर्यप्रद नहीं लगता।
अगर आज भी एक मकान मालिक को अपनी इमारत को ठीक-ठाक व रंग करवाने के लिये क्षेत्रीय नेता की दादागिरी की वजह से गुण्डा टेक्स देना पड़े तो फिर परिवर्तन या बदलाव शब्द सार्थक कैसे लगेगा? यह सवाल वाजिब है कि गणतंत्र में गुण्डई का राजतंत्र जनता को कब तक सहना पड़ेगा? कम से कम बंगाल की जनता के लिए ममता जी को अपनी पार्टी के साथ साझेदार पार्टी के नेताओं व कर्मियों को नैतिक रूप से कसने की कवायद करनी होगी जिससे आम जनता की शिकायत ममता जी तक पहुंच सके- व तुरन्त ठोस कार्रवाई हो जाये कुछ ऐसी व्यवस्था तो बनानी ही होगी तभी आम जनता में अन्याय का विरोध करने की हिम्मत जगेगी और शायद तभी आम जनता के प्रति ममता की ""ममता'' पक्की लगेगी!

Saturday, September 10, 2011

"आप और वे'

वे आतंकवादी है
उनके मन में बारुद है
खून खराबें का जज्बा है
जान हथेली पर रख कर
वो अपना काम कर जाते हैं।
चिदम्बरम जी-आप गृहमंत्री है
आपके पास-
सुरक्षा परियोजनाओं
की फाइलें हैं,
फाइलों में भरे पन्ने हैं।
आप इनको तकिया बनाकर
चैन की नींद सो जाते हैं ।।
आतंकियों के पास जमीर नहीं है
वे निर्दोषों का खून कर जाते हैं.
जमीर आपके पास भी नहीं है-
आप अपनी जवाबदेही से
सीधे मुकर जाते हैं.
पीड़ितों के जख्मों पर
मरहम की जगह-
नमक-मिर्ची लगाते हैं।
जमीर की इस जमीं पर
"आप और वे'
कितने मिलते नजर आते हैं !
जो खून वो करते हैं
वो दिखता है ।
जो खून आप करते हैं,
उससे नैतिकता हर पल मरती है...
वो हम महसूस करते हैं।
वे आतंकी होने का
अपना कर्म निभाते हैं
पर
आप गृहमंत्री होने का
अपना धर्म कहां निभा पाते हैं?

सांसद हो या सामन्त?

जन लोकपाल बिल को संसद के पटल पर रखवाने बाबत गांधीवादी अन्ना हजारे के आन्दोलन के वक्त राजनीति के गलियारों से संसद की महत्ता व उसकी सर्वोच्यता की बयानगी पुरे जोर-शोर से सुनाई दी- पर वे लोग संसद की जड़ को ही भूल गये-क्योंकि संसद में जनता के द्वारा चुने हुये प्रतिनिधि बैठते है-अर्थात आधार जनता ही है- फिर भी जनता के आंन्दोलन को विवादास्पद बनाने की नाकाम कोशिश राजनेताओं ने की-वो यह भूल गये कि सांसद होने का अर्थ क्या है? जनता के प्रतिनिधि होने के नाते सांसद का कर्तव्य जन सेवक के रुप में अपने क्षेत्र की जन समस्या को उठा कर उसको समाधान की प्रक्रिया को बनाना होता है- पर अधिकतर मामलों में सांसद अपने कर्तव्य को छिटका कर सामन्त की भूमिका में नजर आते हैं। खुद को राजा समझने की यह भूल ही जनता को सड़क पर उतरवा देती है- फिर वे लोग (सांसद) संसद की दुहाई देते भागते से दिखते हैं। अन्ना ने जनता को अपनी ताकत का अहसास करवा दिया है अब भी अगर सांसद सामन्ती अंदाज में नजर आते हैं-तो उनकी उल्टी गिनती उनके संसदीय क्षेत्र में जनता के द्वारा तय है- क्योंकि जनता अपने वोट की कीमत ससम्मान लेना चाहती है सांसदों के सामन्ती दरबार में लाईन लगाकर हाथ जोड़कर याचना करना नहीं चाहती!
आने वाले वक्त में सांसदों-विधायकों व पार्षदों को अपने तौर तरीकों में बदलाव करने ही होंगे अन्यथा जनता चेहरों को बदल देगी क्योंकि जनता अब सामन्तवादी अदा देखना नहीं चाहती-उसे अपना प्रतिनिधि चाहिए जो उसकी आह और वाह को समझ सकता हो! आने वाला समय दलवादी राजनीति से ऊपर उठकर व्यक्तिवादी होगा- जनता राजनैतिक दलों को नहीं बल्कि व्यक्तित्व के आंकलन से फैसला लेगी- क्योंकि उम्मीदवार अगर योग्य, नैतिक व जुझारु होगा तो वो जनता के उस वोट की कीमत को तवोज्जों देगा न कि दल के फैसले को- और ऐसे व्यक्ति ही जनता के दिलों-दिमाग पर राज करेंगे!
अन्ना हजारे के आन्दोलन ने जनता को उसके लोकतांत्रिक अधिकारों की शक्ति याद दिला दी है... अब जब जनता जग गई है तो राजनीति को अपनी सूरत व सीरत दोनों बदलनी पड़ेगी
अगर उन्होंने अपना मिजाज नहीं बदला तो जनता अपना रिवाज बदल देगी- और नामी-गिरामी चेहरों की राजनीति से छुट्टी की घोषणा हो जायेगी।
मुझे तो लगता है कि पक्के राजनेता छुट्टी में जाने के बजाय अपने मिजाज को बदलना पसंद करेंगे-क्योंकि आखिरी सांस तक रिटायरमेंट से वो इस क्षेत्र में ही बच सकते है।

Saturday, September 3, 2011

मन क्यों नहीं मिलते?

जैन धर्मावलम्बियों का प्रयूषण पर्व (सम्वत्सरी) भी प्रायः दो दिन चतुर्थी व पंचमी को मनाया जाता है। भगवान महावीर के अनुनायियों का यह मतान्तर अपने अपने पंथ/सम्प्रदायों की वजह से दुःखद लगता है। सद्भावना, मेल-मिलाप, का संदेश देने वाले इस पर्व की महत्ता को कहीं न कहीं हमारे पंथ/ सम्प्रदाय के मत रुपी अहम् से हम खुद आहत कर रहे हैं। जैन धर्म के अनुयायी जब भगवान महावीर की वाणी पर चलते हैं तो फिर मतान्तर का प्रसंग तो आना ही नहीं चाहिए। भगवान महावीर के उपदेश तो सभी के लिए एक है- फिर सम्वतसरी के इस पर्व में श्वेताम्बर में, स्थानकवासी, मूर्तिपूजक, तेरापंथी में विभिन्नता क्यो? कितना सुखद होता जब पंथ सम्प्रदाय की रेखा से बाहर आकर इस पर्व को सब एक साथ महोत्सव के रुप में मनाते, मतान्तर के अहम् को मिटाते।
सम्वत्सरी पर्व पर जैन धर्मावलम्बी अपने प्रतिष्ठानों को बंद रखते हैं-इस दिन की महत्ता तप, जप, साधना के रुप में विशेष मानी जाती है-पर सवाल यह है कि प्रतिष्ठानो को बंद रख कर विशेष जप, तप, स्वाध्याय, मनन के रुप में इस दिन का सार्थक उपयोग कितने लोग करते हैं और कितने लोग सिर्फ दिखावे के लिये प्रतिष्ठान को बंद करके अपनी श्रद्धा को दिखाते है! गौरतलब यह भावना भी है कि एक दिन उपवास, स्वाध्याय करके कहीं हम ३६४ दिनों की मनमौजी स्वतंत्रता का मानस तो नहीं बना लेते?
धर्म न तो प्रतिष्ठान के बंद करने में है न सिर्फ समवसरण जाकर अपनी उपस्थिति दर्ज करने में है- अगर ये सब करने के बाद भी मन में द्वेष, क्रोध बना रहे- तब धर्म का यह रुप सिर्फ छलावा ही प्रतीत होता है।
अगर सजग रहकर कर्मशीलता बनी रहे तो वो कर्म ही धर्म बन जाता है। हमारे धर्म शास्त्रों में अजपा जप की बात आती है-और इस स्थिति में आदमी अपना कर्म भी करता रहता है पर अंदर ही अंदर जप भी चलता रहता है- वो स्थिति जब बन जाती है तो हर दिन संवत्सरी जैसा स्वतः ही बन जाता है। उपवास करके अगर समय काटने के लिये ताश के पत्ते फेंटे जाये या फिर वातानुकूलित सिनेमाघरों में फिल्में देखी जाये- तो उसको फिर धर्म या तप के रुप में हम इसको न समझे... कुछ लोग तो उपवास इस डर से करते हैं कि सम्वत्सरी को उपवास नहीं करने से लोग क्या कहेंगे? कभी-कभी तो उपवास न करके भी लोग यह कह देते हैं कि उपवास किया था।
धर्म मन से होता है- दवाबी धर्म तो दिखावा और खुद के लिए छलावा होता है। कुछ मिनट का विशुद्ध ध्यान अंतरात्मा को र्निमल बना सकता है और एक आसन पर घंटों तक की माला, जप तब बेकार हो जाते हैं जब ध्यान भटका हुआ होता है।
इस पर्व के साथ क्षमा-याचना का बड़ा महत्व होता है- तभी इसे क्षमा पर्व भी कहा जाता है- पर यहां भी अक्सर हाथ दिखावे के लिए जुड़ते हैं- मन में कैची फिर भी चलती है ।
अगर आपका मन क्षमा देना, या लेना किसी से नहीं चाहता तो दिखावे से परहेज करना चाहिए। हम भीड़ में तो गले मिल लेते हैं और थोड़ी दूर जाकर यह भी कह देते हैं कि समाज के सामने उससे मिलना पड़ा- भला ऐसा मिलना भी क्या जरुरी? जब दिलों में रहती है फिर भी दूरी... तो ऐसे मिलने की क्या मजबूरी है?
शायद इसलिये कि-
हमने रस्मों को
निभाते देखा है
आइने से खुद को
छुपाते देखा है
जिनके दिलों में
रंजिशें भभक रही थी
जमाने के सामने
उनको गले लगाते देखा है।

Saturday, August 20, 2011

मशाल भी, मिसाल भी

अन्ना का कमाल!
१२० करोड़ की इस आबादी की दुखती रग पर हाथ इस तरह से रखा कि पूरे देश में क्रांति का करंट-सा आ गया और जिस तरह से जनसैलाब उमड़ा-उससे सरकार हिल गई। बाबा रामदेव पर उल्टा प्रहार करने में सफल रही सरकार के सिर्फ हौसले ही पस्त नहीं दिखे वरन् प्रधानमंत्री सहित उनके मंत्रियों के चेहरों पर से हवाईयां उड़ती-सी दिखी।
अन्ना हजारे ने जय प्रकाश जी के सत्याग्रह व महात्मा गांधी के आन्दोलनों की याद दिला दी- और जिस अंदाज में इस आंदोलन को दूरदर्शिता के साथ संचालित किया जा रहा है- वहां सरकार को स्ट्रोक लगाने का मौका ही नहीं मिल रहा है- सरकार बैकफुट में खेलने को मजबूर हुई है।
सरकार के कुछ मंत्रियों व प्रवक्ता की तरफ से जो अनर्गल आरोप लगाये गये उनका भुगतान सरकार को करना पड़ेगा वक्त उनसे पूरा हिसाब वसूल करेगा!
बधाई के पात्र है इस देश के युवा- जिन्होंने अपनी आवाज और उपस्थिति का जज्बा दिखा कर सरकार को यह संदेश दे दिया कि नव पीढ़ी जब सड़क पर उतरती है तो उसकी आहट से सियासत के खम्भें हिल जाते हैं।
अब स्वर्णिम भारत का युग आने वाला है-नेता-राजा नहीं होते जनता के सेवक होते हैं- यह संदेश राजनीति और सियासत को नया सबक सिखा रहा है- क्योंकि ये लोग वोट पाने के बाद कुर्सी पर ऐसे बैठते हैं- जैसे राजा बन गये हों और हमेशा बने रहेंगे। अन्ना ने नेताओं को यह समझा दिया है कि वो जन सेवक है इसलिए अपने आपको राजा समझने की भूल न करें !
देखना यह है कि सरकार के साथ विपक्ष सहित सभी दल जन लोकपाल पर क्या कहते हैं? भ्रष्टाचार सब जगह ही है इसलिये तकलीफ तो सबको होगी- इस आचार के बिना राजनीति की रोटी को क्या ये लोग चबा पायेंगे?
पर अब यह तय हो गया है कि काला धन, काला मन, काला कर्म नहीं चलेगा और नहीं चलेगी सरकार की काली नीति- जो कानून नियम का हवाला देते हुए अपने अधिकारों का अतिक्रमण कर सकती है और जनता अपने अधिकारों के लिए टुकुर-टुकुर देखती रह जाती है।
आजादी की ६४वीं वर्षगांठ के बाद का अगला दिन अन्ना क्रांति का नया सूरज ले आया- और अब लग रहा है कि असली आजादी का असली स्वाद अब इस देश को मिल कर रहेगा।
अन्ना
मशाल
भी
मिसाल भी
क्रान्ति
का
सूत्रपात भी
असली
आजादी
का
आधार भी..
देश ने देखा है...
दूसरी आजादी
के
लिए
अब दूसरा गांधी
आ गया है।

Saturday, August 13, 2011

फिल्म आरक्षण पर बवाल क्यों?

फिल्म मनोरंजन का माध्यम होती है- लेकिन कुछ फिल्मों की पटकथा जीवन के यर्थाथ को देखकर लिखी जाती है तब वह फिल्म समाज, देश को एक संदेश भी देती है और इसका प्रभाव भी पड़ता है- जैसे थी्र इडियट फिल्म में मनोरंजन के साथ-साथ शिक्षा पद्धति और हमारी मानसिकता के सच को उजागर करते हुए बदलाव की आवश्यकता को पुर-जोर आवाज दी।
प्रकाश झा की आरक्षण रिलीज होने से पहले राजनीति गलियारों में शक की निगाहों पर चढ़ गई और फिल्म के कुछ दृश्य व संवाद आपत्तिजनक बतला कर उसमें परिवर्तन की मांग कर दी गई अन्यथा रिलीज करने पर कुछ प्रदेशों में प्रतिबंधित कर दिया गया।
दरअसल यह विवाद राजनीति की जमीं पर ही हुआ है- क्योंकि इस देश की राजनीति की नाजायज संतान है आरक्षण और अब फिल्म के माध्यम से जब खुल कर पात्र और संवाद के माध्यम से सामने आता दिखा तो राजनीति में हड़कंप मच गया।
ऊंच-नीच की लकीर खिंचने की जिम्मेवार भी राजनीति है और उनकों अपना वोट बैंक बनाने के लिए आरक्षण का कटोरा पकड़ाने वाली भी राजनीति ही है। बड़े जोर-शोर से यह कहां जा रहा है कि आरक्षण को संसद, न्यायालय ने मुहर लगाई है- इसलिये इसे खैरात कहना इनका अपमान होता है- पर इन लोगों से यह पूछा जाना चाहिए कि ऊंच-नीच की दीवार बना कर -निर्बल या असहाय बता कर मानवीयता के जज्बे को दर-किनार करके सियासत के तवे पर रोटी सिकती रहे इसके लिये आरक्षण का इस्तेमाल करना क्या देशहित में उपयोगी हो पाया है? आरक्षण देकर आपने उन लोगों के स्वाभिमान को मारा है और उनके हाथों में बैशाखी पकड़ा दी है- और यह सिर्फ अपने वोट बैंक को फिक्स करने के लिए किया है? क्या यह देश के साथ खिलवाड़ नहीं है? जो सामने होता आया है-उसे आप संसद और कानून की आड़ में नजर अंदाज कर रहे हैं- सिर्फ शब्दों पर जा रहे हैं-यर्थाथ पर पर्दा डाल रहे हैं।
हम यह मानते हैं कि अमीर-गरीब दो वर्ग हैं- इनको जात-पात, धर्म से नहीं देखना चाहिए- लेकिन इस देश की राजनीति ने गरीब रुपी बड़े वर्ग के विशाल वोट बैंक को अपनी जेब में आरक्षित करने के लिए उन्हें आरक्षण दिया-और इसका दुष्प्रभाव यह हुआ कि आधिकांशतः मामलों में योग्यतायें-प्रतिभायें सर्वश्रेष्ठता साबित करने के बाद भी दरवाजे के बाहर खड़े रह गई और अयोग्यता आरक्षण की बैशाखी के सहारे प्रमुख पदों पर चयनित हो गई! इसका दुष्परिणाम देश भुगत रहा है। क्योंकि अगर योग्य व्यक्ति उच्च प्रशासनिक पद पर नहीं रहेंगे तब उस पद की गरिमा कैसे बनी रहेगी?
प्रतिभा अमीर-गरीब को नहीं देखती... वो तो ईश्वर प्रदत्त उपहार है हां उसको निखारने के लिए अगर गरीब तबके को सरकार सुविधा, संसाधन नहीं देकर अर्थात संरक्षण प्रदान नहीं करती और इसके बदले में आरक्षण की बैशाखी देती है तो यहां प्रतिभा, योग्यता के साथ क्रुर मजाक होता है क्या यह गलत नहीं है?
आरक्षण नहीं संरक्षण दीजिए-ऐसी व्यवस्था दीजिए कि हर वर्ग को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के उचित संसाधन, सुविधा मिले तथा योग्यता के आधार पर उनका चयन हो।
ऊंच-नीच, जात-पात के आधार पर यह बंटवारा आपत्तिजनक है- क्या ऊंचीं जात के लोग गरीब नहीं होते?
इस देश की सियासत मानसिकता से इतनी गरीब है कि जब तक इसकी सोच में बदलाव नहीं आयेगा तब तक इस देश में समृद्धि नहीं आ पायेगी।
आरक्षण के नाम पर राजनीति ने कुर्सी का आरक्षण किया है इस शब्द पर बहस होनी चाहिए तथा बैशाखी देने वाले इस शब्द का प्रयोग बंद हो ऐसा प्रयास होना चाहिए!
चयन की कसौटी योग्यता ही होनी चाहिए न कि आरक्षण के कोटे। जात-पात के आधार पर भेदभाव का बीज राजनीति ने अंकुरित किया है-और यह पौधा अब उसके जी का जंजाल बन रहा है।
हम सब भारतीयों को एक स्वर से सियासत की काली करतूतों का विरोध करते हुए समान शिक्षा प्रणाली और संसाधन सर्वत्र पहुंचाने का दवाब बनाकर आरक्षण को बंद करने की आवाज बुलंद करनी चाहिए!
यह मसला जो समाज-वर्ग से जोड़ा गया है- इसे राष्ट्र के परिपेक्ष्य में देखना चाहिए।
सरकारे आरक्षण नहीं- शिक्षा के उत्कृष्ट संसाधन गांव तक पहुंचाने को मजबूर हो जाये और वोट बैंक की बत्ती गुल हो जाये- तभी नई रोशनी दिखेगी और समृद्ध भारत बनेगा।...

Saturday, August 6, 2011

सरकार बीमार है-इसका इलाज कीजिये!

सोनिया गांधी जी अस्वस्थ हैं- उनका विदेश में इलाज चल रहा है- उनको स्वास्थ्य को निजी मामला कहकर निजता का सम्मान करते हुए उनके स्वास्थ्य के बारे में देश को जानकारी विस्तृत रूप से नहीं दी जा रही है। बेशक यह उनका निजी मामला है- लेकिन सोनिया जी देश की महत्वपूर्ण हस्ती है-क्योंकि वो कांग्रेस अध्यक्षा है तथा सरकार की कार्यप्रणाली पर उनका निर्देशन जुड़ा हुआ है-इस लिहाज से उन पर पड़ने वाला कोई प्रभाव सरकार व देश पर भी पड़ता है- इसलिये स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी को देश के सामने न रखना उनकी निजता का सम्मान तो जताता है पर देश की जनता के जिज्ञासा समाधान को नहीं बताता अर्थात कहीं न कहीं भावनात्मक रूप से ही सही इस देश की जनता के लिये यह उचित नहीं हो रहा है।
लोग जानते हैं कि इस सरकार में कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष का पद कितना प्रभाव रखता है... और वो व्यक्तित्व अगर अस्वस्थ हो जाये और कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में उनके पुत्र को कमान सौंपने की फुसफुसाहट शुरु हो जाये तो दो बातें सामने आती है- एक तो कांग्रेस अध्यक्षा की बीमारी शायद गम्भीर है अन्यथा कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में कमान उनके पुत्र को सौंपने की बात शायद नहीं चलती ।
दूसरी बात परिवारवाद की विरासत की आती है- क्या राहुल इतने परिपक्व हो गये हैं कि वो कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में सरकार को चला सकते हैं क्योंकि लोगों की यह मान्यता बन गई है कि यहां सरकार अपनी मर्जी से नहीं बल्कि कांग्रेस अध्यक्षा की मर्जी से ही चलती दिखी है- क्या राहुल इस जवाबदेही को कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में संभाल पायेंगे?
शायद कांग्रेस में नेताओं का अकाल है.... गांधी परिवार के प्रति जी हजुरी करने वालों की भरमार है- अन्यथा राहुल गांधी ही आगे खड़े नहीं दिखते, सचमुच वफादारी की मिसाल यहां दी जा सकती है- यह तो बेमिसाल है। राहुल युवा है- देश में जनता के बीच घुमे हैं-दलितों-किसानों के घरों में रहे हैं-सिर्फ यह योग्यता ही तो काफी नहीं कही जा सकती है। यू.पी. में जमीन अधिग्रहण की आलोचना करते हुए उन्होंने हरियाणा सरकार के द्वारा जमीन अधिग्रहण का उदाहरण प्रस्तुत कर हरियाणा सरकार के कसीदे पढ़े थे- लेकिन कुछ दिनों बाद वहां भी विवाद सामने आ गया।
दरअसल यहां योग्यता नहीं बल्कि विरासत के आगे सियासत घुटने टेकती नजर आती है ...और यह इस देश का दुर्भाग्य ही कहां जा सकता है।
सोनिया जी की स्वस्थता की हम दुआ करते है-उनका शरीर व मन दोनों स्वस्थ हो- हमारी यह मंगल कामना है। अब यह उन पर व सरकार पर है कि अपनी निजता के अधिकार का संरक्षण करेगी या जनता की भावनात्मक जिज्ञासा का समाधान करेगी।
हम यह नहीं जानते कि सोनिया जी के स्वास्थ्य की स्थिति वास्तविक रूप से कैसी है?-पर हालात देश के यह बताते हैं कि सरकार बीमार है और उसकी वजह से देश बीमार है... और इसके लिए सरकार की मनोस्थिति व कार्यप्रणाली के सटीक इलाज की जरूरत है... और यह निजता का मामला नहीं ११० करोड़ की आबादी वाले इस देश का मामला है और इसका इलाज जरूरी है।

Monday, August 1, 2011

जनप्रिय होम्यो विशेषज्ञ डॉ० एस.बी.चौधरी नहीं रहे...


फर्स्ट न्यूज कार्यालय डेस्क- हावड़ा। सुप्रसिद्ध होम्यो चिकित्सक डॉ. शिव बच्चन चौधरी का गुरुवार २८ जुलाई २०११ को मध्याह्न १ बजे के आस-पास र्स्वगवास हो जाने से हावड़ा क्षेत्र में शोक की लहर सी फैल गई। गौरतलब है कि पिछले कुछ माह से शारीरिक अस्वस्थता व अत्यधिक कमजोरी की वजह से वो गगनांचल मार्केट स्थित अपने चेम्बर में नहीं आ पा रहे थे- बावजूद इसके उन्होंने अपने अंतिम समय की पूर्व संध्या तक घर में दिखलाने आये रोगियों को निराश नहीं किया। ऐसे कर्मठ कर्मयोगी व मानवीयता को अपना कर्तव्य समझने वाले यशस्वी- परोपकारी व्यक्तित्व के चले जाने से उनके चाहने वालों को गहरा आघात लगा है।
डॉ० चौधरी फर्स्ट न्यूज पत्रिका के स्वास्थ्य स्तम्भ में होम्योपेथ चिकित्सा के लोकप्रिय स्तम्भ लेखक थे- फर्स्ट न्यूज का पाठक वर्ग उनके ज्ञानवर्धक आलेखों को गहरी रुचि के साथ पढ़ता था।
रोग को पकड़ने व उनके सटीक निदान की विशेष दक्षता की वजह से कोलकाता महानगर के दूरस्थ क्षेत्रों व बंगाल से बाहर अन्य शहरों के लोग भी उनकी लोकप्रियता को सुनकर आते रहते थे। ऐसे सिद्धहस्त व मानवीयता के पथिक का चला जाना निःसंदेह पीड़ादायक प्रसंग ही बन गया।
स्व० चौधरी अपने पीछे सहधर्मिणी श्रीमती मूंगा चौधरी व यशस्वी सुपुत्र डॉ० सत्येन्द्र चौधरी, संजय चौधरी (कम्प्यूटर इंजीनियर), डॉ० पूनम चौधरी व डॉ० कनक चौधरी (पुत्रवधु), श्रीमती इन्दू सिंह (पूत्री) व बलराम सिंह (दामाद- प्रोजेक्ट इंजीनियर) के साथ सुशिक्षित, पोते-पोती, नाती-नातिन का भरापूरा परिवार छोड़ गये हैं।

उनकी कृपा याद आती है...


करीब १५ वर्ष पूर्व ३१ जुलाई १९९६ को जब इस स्थूल जगत में मेरे सर से पिता का साया उठा था तब मुझे अहसास हुआ था कि सर पर से पिता रुपी इस वट वृक्ष की अनुपस्थिति का दर्द क्या होता है? इस खालीपन का अहसास उस वक्त तो और अधिक होता था- जब संघर्षों के तूफान सामने खड़े दिखते थे- और पिता के नाम, अपने स्वाभिमान, को बचाने की कवायद में अपनों के कटाक्ष होते थे और इन सबके बीच परिवार के भरण-पोषण की जवाबदेही सामने होती थी...।
यह संघर्ष नहीं भूला जाने वाला संघर्ष था- लेकिन इस व्यथा का बोझ तब कुछ कम हुआ था जब एक पुण्यात्मा ने एक दिन मुझे अपना धर्मपुत्र कह कर मेरे उन जख्मों पर मरहम सा लगा दिया और उस दिन के बाद उन्होंने वट वृक्ष रूपी अपनी सघन छाया प्रदान की... जब भी तकलीफ के क्षण आये तो वो आगे खड़े दिखे... मुझे तनाव मुक्त किया और उस तनाव को अपने ऊपर लिया... अब ऐसी कृपा को क्या कभी भूलाया जा सकता है? क्या ऐसी पुण्यात्मा कभी स्मृति से विस्मृत हो सकती है?
मैं उस व्यक्तित्व की बात कह रहा हूं- जिसने अपने जीवन के ७५ वर्षों को कर्मठता, दक्षता, मानवियता व परोपकार के गुणों से जिया। शारीरिक अस्वस्थता की गम्भीर स्थिति में भी अपने जीवन की आखरी सुबह की पूर्व सन्ध्या में भी घर आये मरीजों को देखा। मुझे गर्व है कि लोग जिसे डॉक्टर के रूप में भगवान कहते थे- उन्होंने मेरे सर पर धर्म पिता के रूप में आर्शीवाद का हाथ रखा था। दिवंगत डॉ० एस.बी.चौधरी की स्मृतियां न जाने कितने दिलों को उनकी अनुपस्थिति से आहत करेगी और भगवान से पूछेगी कि "" हे भगवान'' तुम इस दुनिया में पुण्यआत्मा को लोकोपकार करने के लिए अधिक समय क्यों नहीं देते?
जब कुछ हमारा हमसे छीन जाता है.... तो मन की शिकायत उस विधाता से जायज है...लेकिन जब कोई व्यक्तित्व अपने जीवन की शानदार पारी यादगार लम्हों व प्रतिष्ठा-जनप्रियता की पताका के साथ खेल कर चला जाये तो विधाता से शिकायत नहीं बल्कि यह याचना होनी चाहिए कि "" हे विधाता'' कर्मवीर साधक की पुण्यात्मा ने स्थूल जगत में विश्राम नहीं लिया... अब उन्हें सुख, शांति पूर्ण विश्राम व मुक्ति का द्वार तू प्रदान कर।
३१ जुलाई मेरे पिताजी की पुण्यतिथि है- २८ जुलाई मेरे धर्मपिता की नियती संयोग भी अद्भूत बनाती है... मुझे कर्मशील, यशस्वी, परोपकारी मानवियता की शाखाओं से सुरभित वट वृक्षों की छांव मिली है...।
इस स्थूल जगत में शरीर के रूप में उनका अस्तित्व चाहे न दिखे पर सूक्ष्म जगत से उनकी अनुकंपा के स्पंदन व सुरक्षा कवच की ढ़ाल तो बनी हुई ही है।
मैं इनको सादर वंदन करते हुए इनके आध्यात्मिक उत्कर्ष की प्रार्थना सर्वशक्तिमान से करता हूं।

Wednesday, July 27, 2011

बंगाल का सूरज

एक नया सूर्य
बंगाल के
आकाश में...
एक नया सूर्य
बंगाल के इतिहास में...
रश्मियां
यह
जता रही है
कि
अंधेरों की धूंध
अब खुद
जाना चाह रही है
अर्थात
रोशनी विकास की
एक नये आयाम की
नजर आ रही है
क्योंकि
उगता सूरज
अपना
रुप दिखा रहा है
और
एक नया
आलोक
अपनी चाल में
बना रहा है
अर्थात
बंगाल
का
स्वर्णिम काल
अब
आ रहा है।
-संजय सनम

बंगाल का सूरज

एक नया सूर्य
बंगाल के
आकाश में...
एक नया सूर्य
बंगाल के इतिहास में...
रश्मियां
यह
जता रही है
कि
अंधेरों की धूंध
अब खुद
जाना चाह रही है
अर्थात
रोशनी विकास की
एक नये आयाम की
नजर आ रही है
क्योंकि
उगता सूरज
अपना
रुप दिखा रहा है
और
एक नया
आलोक
अपनी चाल में
बना रहा है
अर्थात
बंगाल
का
स्वर्णिम काल
अब
आ रहा है।
-संजय सनम

""सलाम बांग्ला-सलाम ममता''

पं० बंगाल ब्रिगेड रैलियों, चक्का जाम, अचल सड़कों व रैलियों की वजह से जन सामान्य की परेशानी को नजरंदाज करने वाली राजनीति व प्रशासनिक अव्यवस्थता के नाम से अपनी खासी पहचान रखता आया है- यहां की जनता के लिए ब्रिगेड रैलियों का अर्थ बी-ग्रेड हो गया था क्योंकि इन रैलियों में अधिकतर बाहरी किराये की वो भीड़ देखी जाती थी जो मैदान को भरने के लिए बुलाई जाती थी- और प्रशासनिक व्यवस्था भी तब चरमरा जाती थी- फलस्वरूप कई बार मानवीयता भी आहत होती थी- जैसे भीड़ के रास्ते में बीमार मरीज को उपचार के लिए ले जाने वाली एम्बुलेंस फंस गई और समय पर अस्पताल न पहुंचाने से मरीज की मौत हो गई... शायद इसलिए बिग्रेड रैलियां आम जनता के लिए बी-ग्रेड सी हो गई थी।
पर गुरुवार को बिग्रेड ने न सिर्फ अपने नाम की गरिमा दिखाई वरन् आम जनता के मन की उस पुरानी परिभाषा को भी बदल दिया अगर मुखिया नेक, ईमानदार, शालीन, अनुशासित हो तो फिर उसके कार्यकर्ताओं को भी ऐसा ही बनना होता है- क्योंकि उनकों जो बार-बार बताया जाये फिर आचरण में वो आता ही है। शायद इसलिये गुरुवार को बिग्रेड का नजारा अभूतपूर्व था। वास्तव में यह असली ब्रिगेड थी- क्योंकि यहां किराये की भीड़ नहीं थी- अपने दिल की आवाज पर दीवानगी के अहसास को लेकर लाखों लोग आये थे.... इस भीड़ ने यह बताया था कि अगर कोई जनता के लिए र्ईमानदारी से काम करता है तो जनता उसके लिए सैकड़ों मिलों से सफर करके बारिश में भींगकर उसके बुलावे पर हाजिर हो जाती है।
ब्रिगेड की यह रैली तमाशा नहीं थी बल्कि आंखों को मुग्ध करने वाला नजारा थी। ममता बनर्जी राजनीति और नेताओं के लिए सीखने वाला पाठ बन रही है- कि वास्तव में नेता, सरकार, प्रशासन कैसा होना चाहिए?
महानगर में शायद पहली बार जनसमुद्र का इतना शैलाब देखा गया था और बावजूद इसके सड़के जाम नहीं थी- सड़क परिवहन अन्य दिनों की तुलना में भी बेहतर था- अर्थात आम जनता को कहीं परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
ममता की दूरदर्शिता की जितनी तारीफ की जाये वो कम लगेगी क्योंकि भीड़ को नियंत्रित करने व शालीनता से गंतव्य तक जाने तथा प्रशासन को चुस्त रखने व कार्यकर्ताओं से सही रूप से काम लेने अर्थात सभी के तरफ से व्यवस्था को जीवंत रूप से बनाये रखने की अद्भुत शैली ममता जी ने दिखलाई है। एक कहावत याद आ रही है... उदय होता सूर्य अपना तेज बता देता है... ममता की कार्यशैली इस कहावत को चरितार्थ कर रही है। बंगाल में ममता के रूप में एक नया सूर्य प्रकाश की यात्रा में निकल चुका है... अर्थात अंधेरों को अब जाना ही होगा- बंगाल के स्वर्णिम युग की शुरुआत हो चुकी है।
""सलाम बांग्ला-सलाम ममता''
सरकार इसे कहते हैं
आदर्श बन रही है ममता
बंगाल के स्वर्णिम काल की शुरूआत
भीड़ तमाशा नहीं -नजारा थी
प्रशासन था जिंदा-सड़के नहीं थी जाम

Saturday, July 16, 2011

चुटकी


जिस देश में
भ्रष्टाचार
के
बड़े बमों से
हर रोज
लोग
भूखों मरते हैं।
आतंकियों !
तुम्हारे बमों से
अब
हम
उतने नहीं डरते हैं।
जो
रहनुमा बनकर
जनता
का
हक
छलते है
आतंकियों...
तुम तो बाहरी हो
तुम्हें क्या कहें?
जब
हमारे
अपने ही
बागवां बनकर
गुलशन
को
तबाह करते हैं

राहुल जवाब दे!

हर आतंकी घटना के बाद जोर शोर से निन्दा की जाती है। घटना के शिकार लोगों के पारिवारिक जनों को मुआवजा दिया जाता है- घायलों के लिए बेहतर इलाज की व्यवस्था की जाती है- राजनैताओं के बयान, घायलों का हालचाल जानने के लिये अस्पतालों के दौरों की फोटों छपती है- प्रशासन अपने आपकों चौकास दिखाता है संदिग्ध स्थानों में छापेमारी की जाती है। विशेष स्थानों की सुरक्षा चाक चौबंद की जाती है-कुल मिलाकर हर बार यह प्रक्रिया देखने-सुनने पढ़ने में आती है। यह घटनाक्रम तो आंतकियों की करतूतों के बाद की प्रक्रिया की रील है- ये आतंकी बाहरी होकर देश के भीतर इस प्रक्रिया को अंजाम देते हैं- और इन करतूतों पर पूर्ण रूप से लगाम लग जाना सुरक्षा तंत्र रूपी प्रशासन के लिये सरल नहीं कहा जा सकता?
इधर देश के अंदर देश की व्यवस्था को चलाने वाले अगर अपनी काली करतूतों से भ्रष्टाचार के बम फोड़कर बार-बार खतरा पैदा करते है.... ये हमला उन आतंकी हमलों से कम खतरनाक तो नहीं है जो किसी न किसी रूप में सतत होता रहता है और अमर बेल की तरह देश की जड़ को चुस-चुस कर पीता रहता है। इसको रोका जा सकता है पर रोकने की ईमानदारी के साथ कोशिश नहीं की जा रही है..... यह मुद्दा आतंकी हमलों से भी बड़ा अहम् मुद्दा है ... कि हमने जिनके हाथों में देश को सौंप रखा है... वे देश के धन को विदेशों में पहुंचाते रहे हैं.... उन आतंकियों से बढ़कर क्या इनका कर्म घिनौना नहीं है?
मैं राहुल गांधी के उस विवादास्पद बयान से सहमत हूं कि हर आतंकी हमले को रोकना मुश्किल है... यह कड़वा सच है। इसका राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए.... पर एक सवाल राहुल गांधी से जरूर पूछा जाना चाहिए कि भ्रष्टाचार को समूल मिटाना तथा विदेशों में पड़ा काला धन वापस लाना तो संभव है... देश के भीतर में अपनों से जो हमला विशेष रूप से सत्ता के गलियारों से हो रहा है- उसे रोका जाना तो संभव है.... फिर जो संभव है... वो ईमानदारी के साथ क्यों नही नहीं किया जा रहा है?
अगर वो आतंकी हमलों में प्रशासन सरकार की विफलता पर पर्दा डालने का बयान दे सकते हैं तो भ्रष्टाचार-कालेधन के मुद्दे पर अपनी सरकार से सवाल क्यों नहीं करते? अगर राहुल के मन में देश की उस बड़ी आबादी के प्रति टीस है जो जमीन के बिछौने पर आसमान रूपी खुली छत के नीचे गरीबी रेखा से भी नीचे का जीवन बसर कर रही है तो राहुल को सबसे पहले अपने घर-अपनी सरकार के क्रियाकलापों को देखकर उनको ठीक करने की कवायद शुरू करनी चाहिए अगर राहुल ऐसा नहीं करते तब फिर गरीबों-दलितों-किसानों मजदूरों के घरों की वो खाई रोटी और मुन्ज की चारपाई का कर्ज नहीं उतार पायेंगे... फिर ये सारी कवायद मात्र नौटकी ही कही जायेगी।
राहुल से देश यह जवाब चाहता है कि एक तरफ गरीबों के खाली पत्तल और टूटा-फूटा बसेरा-दूसरी तरफ सियासती रौनक व खरबों का काला धन... अगर ये काला धन विदेशों से देश में आये और भ्रष्टाचार पर पुरी लगाम लगे तो इन गरीबों को पक्का घर, अन्न, बीजली, पानी, शिक्षा, चिकित्सा सब सुलभ हो सकती है... क्या वे इन गरीबों के पीड़ित जीवन के प्रति ईमानदारी से अपने घर (सरकार) को झाड़ पायेंगे? क्योंकि सरकार जिस तरह से टाल-मटोल कर रही है... वो तो जनता देख ही रही है। इस देश की जनता आतंकी हमलों से कहीं अधिक भ्रष्ट आतंकियों से पीड़ित है क्योंकि ये हमले लगातार हो रहे हैं।

Saturday, July 9, 2011

क्या वो बागवां गुनहगार नहीं है?

संप्रग सरकार में जिस तरह मंत्री बदले जा रहे हैं अर्थात कार्यरत मंत्रियों पर लग रहे दागी-आरोपों व कार्यक्षमता पर उठ रहे सवालों की वजह से सरकार की छवि को साफ करने की जो कवायद चल रही है... वो हास्यास्पद दिख रही है। अगर गंभीरता से इस पर विचार किया जाये तो लगता है कि सबसे पहला बदलाव नेतृत्व परिवर्तन का होना चाहिए अर्थात सरकार के मंत्रियों का मुखिया प्रधानमंत्री को बदला जाना चाहिए... क्योंकि क्या बागवां तब सो रहा था.... जब चमन के फूल चमन को लूटने का काम कर रहे थे और अगर वो जगा हुआ था तब उसने समय पर कठोर कार्रवाई क्यों नहीं की?अर्थात फूलों ने जो गुस्ताखी की उसकी सजा उन फूलों को जरूर मिलनी चाहिए पर बागवां भी सजा से नहीं बचना चाहिए.... क्योंकि अगर वो चमन की सार सम्हाल नहीं कर सकता तो फिर उसे बागवां बने रहने का अधिकार नहीं है... अगर वो वास्तव में नैतिक मूल्यों के प्रति ईमानदार है तो सबसे पहला इस्तीफा उसका आना चाहिए। उस चमन का हश्र कैसा होगा... जहां कोई बागवां बहारों के इशारों पर चलता हो तब उसे चमन के हालात नहीं दिखते और न ही फूलों की कारस्तानी दिखती है... सिर्फ वो बहार के इशारे देखता है और उस पर चलता है...।सवाल यह है कि क्या वो बागवां गुनहगार नहीं है? क्या वो बहार गुनहगार नहीं है? क्या इनको सजा नहीं मिलनी चाहिए?चमन की इस बर्बादी पर गुस्ताख फूलों को सजा मिलनी चाहिए पर जिस बहार से बागवां गुमराह हुआजिस बागवां से चमन बदहाल हुआ सजा -ए-खास इनको पहले मिलनी चाहिए।

Saturday, July 2, 2011

""सधे कदमों से चल रहे है अन्ना''

कभी-कभी बहुत तेज चलना और लक्ष्य को सामने खुद आता देखकर अति आत्मविश्वास के साथ छलांग लगाना बहुत खतरनाक होता है। बाबा रामदेव का प्रसंग अन्ना हजारे के लिए सबक बन गया है- और वे इसको बहुत गंभीरता के साथ लेकर उस पर सही अमल करते हुए दिख रहे हैं।

अन्ना और बाबा रामदेव का लक्ष्य एक ही है-पर शैली काफी अलग है, इन दोनों का व्यक्तित्व और जनता तक पहुंचने का तरीका भी अलग है। पर दोनों में एक फर्क है... बाबा को नया-नया प्रसिद्धी का स्वाद मिला है और सियासी गोटियों के चक्रव्यूह में घुसकर निकलने की जानकारी नहीं है। बाबा रामदेव चूंकि योग सिखाते हैं-इसलिए बोलने की आदत अधिक है अधिक बोलना कई बार गले की घंटी बन जाता है- नाप-तौल कर बोलने वाले की बात का वजन होता है क्योंकि लोग उसके व्यक्तव्य को गंभीरता से लेते है-इस प्रकार यहां भी अन्ना, बाबा रामदेव से अलग नजर आते हैं। एक बहुत महत्वपूर्ण सवाल है टीम का-यहां अन्ना बाबा रामदेव से खासे आगे हैं क्योंकि अन्ना के पास जो तिकड़ी भूषण,बेदी, केजरीवाल की है वो सरकार को बोल्ड करने का हुनर रखती है।

अन्ना के कदम हर राजनीतिक दल के दरवाजे तक जा रहे है-और वे अपना पक्ष समझाकर उनकी मंशा को सीधे जान रहे है- अब अगर भ्रष्टाचार पर नकेल कसने के लिए सशक्त लोकपाल का विरोध किस अंदाज में कोई करता है-यह राज अन्ना की टीम का जानना आगे की रणनीति में इनके लिए अस्त्र के रूप में काम करेगा।

एक खास बात यह है कि भीड़ में बोलना व अकेले में बोलने में फर्क होता है। राजनैतिक दलों के लिए अकेले में अन्ना की टीम के सामने मजबूत लोकपाल का विरोध करना मुश्किल बात होगी।

लोहा ही लोहे को काटता है-बिल्कुल इसी तर्ज पर चल रहे है ""अन्ना'' और सियासत खुद अपने ही बनाये चक्रव्यूह में फंस जाये तो कोई आश्चर्य नहीं। सियासत गला फाड़ कर कह रही है कि संसद सर्वोच्च है क्योंकि यहां जनता के चुने प्रतिनिधि फैसला लेते है... ये लोग जड़ को भूलकर पत्तों को सर्वोच्च बतला रहे है- जड़ तो जनता है-इस लिहाज से सर्वोच्च जनता है....और जनता का विश्वास सियासत से जब उठ गया है तब वो सशक्त लोकपाल चाहती है। अन्ना और उनकी टीम को इस देश की जनता का समर्थन मिल रहा है तब भी सियासत लोकपाल के मुद्दे पर सकपका रही है।

अंधेरी रात के बाद भोर आती है... प्रकृति के इस नियम को कौन रोक सकता है? भारत की जनता सियासत में उजास चाहती है... सियासत को अपना कर्म, चाल-चलन बदलना होगा- अन्यथा वक्त आने पर जनता बदल देगी।